प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को लेकर उत्तराखंड पुलिस हाई अलर्ट पर — डीजीपी दीपम सेठ ने की सुरक्षा समीक्षा, 3000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात

देहरादून में प्रधानमंत्री के आगमन से पहले सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 9 नवंबर को प्रस्तावित दौरे से पहले सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने शनिवार को पुलिस लाइन देहरादून में सुरक्षा तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के भ्रमण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की त्रुटि न हो। डीजीपी सेठ ने कहा कि प्रत्येक पुलिस अधिकारी एवं कर्मी को अपनी जिम्मेदारी पूरी तरह समझनी होगी और ड्यूटी के दौरान सजग, सतर्क और संवेदनशील दृष्टिकोण बनाए रखना होगा।

IMG 20251108 WA0337 scaled


त्रुटिरहित सुरक्षा के लिए 3000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात

डीजीपी सेठ ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा में 3000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल पर आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की HHMD (हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर) और DFMD (डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर) से गहन जांच की जाएगी।

उत्तराखंड की रजत जयंती पर प्रधानमंत्री मोदी का तोहफा — ₹8260 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी व्यक्ति को कार्यक्रम स्थल में कोई निजी वस्तु ले जाने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भीड़ के सुरक्षित और व्यवस्थित निष्क्रमण के लिए विशेष प्रबंध किए जाएं।


वीवीआईपी सुरक्षा पर कड़ी निगरानी

डीजीपी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वीवीआईपी से मिलने वाले सभी व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जाए। केवल वे ही लोग प्रधानमंत्री से मिल सकेंगे जिनके नाम पहले से अनुमोदित हैं।
साथ ही, प्रधानमंत्री के रूट पर तैनात अधिकारियों को आदेश दिया गया कि वे रूट का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करें कि किसी भी स्थान पर निर्माण सामग्री, अवरोध या सुरक्षा जोखिम न हो।


ड्रोन संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध

डीजीपी दीपम सेठ ने कहा कि कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इस अवधि में किसी को भी अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग, डॉग स्क्वाड व बीडीएस टीमों द्वारा ऊँचे भवनों और जल टंकियों की जांच की जा रही है।

उन्होंने यह भी जोड़ा कि किसी भी अधिकारी या कर्मी द्वारा ड्यूटी के दौरान शिथिलता बरतने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


IMG 20251108 WA0335 scaled

उच्च अधिकारियों की मौजूदगी में हुई समीक्षा बैठक

इस अवसर पर अपर पुलिस महानिदेशक (अभिसूचना एवं सुरक्षा) अभिनव कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) वी. मुरुगेशन, पुलिस महानिरीक्षक (फायर) मुख्तार मोहसिन, पुलिस महानिरीक्षक (अभिसूचना एवं सुरक्षा) करन सिंह नगन्याल, पुलिस महानिरीक्षक (प्रशिक्षण) अनन्त शंकर ताकवाले, पुलिस महानिरीक्षक (गढ़वाल परिक्षेत्र) राजीव स्वरूप, पुलिस महानिरीक्षक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) सुनील मीणा, पुलिस उपमहानिरीक्षक धीरेन्द्र गुंज्याल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून सहित सभी राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *