उत्तराखंड को हवाई संपर्क और पर्यटन के नए युग में ले जाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच राज्य में विमानन क्षेत्र के विकास, हवाई सेवाओं के विस्तार और पर्यटन को गति देने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
हवाई अड्डों पर स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा
मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश को विमानन क्षेत्र में लगातार सहयोग मिल रहा है। उन्होंने विशेष रूप से ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ पहल की सराहना की, जिसके तहत हवाई अड्डों पर स्थानीय उत्पादों के कियोस्क स्थापित किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे उत्तराखंड के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है और स्थानीय कारीगरों व किसानों को सीधा लाभ हुआ है।
चारधाम यात्रा के लिए हेली सेवाएँ
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि मानसून समाप्त होने के बाद चारधाम यात्रा के लिए हेली सेवाओं को पुनः शुरू करने की योजना है। उन्होंने कहा कि यह सेवाएँ विशेष रूप से बुजुर्ग, दिव्यांग और असमर्थ श्रद्धालुओं के लिए बेहद सहायक होंगी। धामी ने यह भी जोड़ा कि हाल ही में हुई उच्चस्तरीय बैठक में हेली सेवाओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर कई सुझाव सामने आए, जिन पर काम किया जा रहा है।
छोटे हवाई पट्टियों का विकास
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से गौचर (चमोली) और चिन्यालीसौड़ (उत्तरकाशी) हवाई पट्टियों को छोटे विमान संचालन के लिए विकसित करने और इन्हें दिल्ली, देहरादून व हिंडन से जोड़ने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि राज्य का 70% क्षेत्र वनाच्छादित है और पर्वतीय इलाकों में हवाई संपर्क न केवल पर्यटन बल्कि आपदा प्रबंधन और नागरिक आवागमन के लिए भी अत्यंत जरूरी है।
नई सेवाएँ और विस्तार की माँग
- जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर नाइट फ्लाइट सेवाओं को शुरू करने का अनुरोध किया गया।
- पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा अधिकांश कार्य पूरे कर लिए गए हैं, अब भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को कार्य शीघ्र शुरू करना चाहिए।
- दिल्ली से पिथौरागढ़ के लिए नियमित उड़ान शुरू करने की मांग रखते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सेवा पर्यटन के साथ-साथ सामरिक और मानवीय दृष्टिकोण से भी लाभकारी होगी।
केंद्र का आश्वासन
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ने मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया कि राज्य सरकार द्वारा दिए गए सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी और प्राथमिकता के आधार पर निर्णय लिए जाएंगे।
Amitendra Sharma is a digital news editor and media professional with a strong focus on credible journalism, public-interest reporting, and real-time news coverage. He actively works on delivering accurate, fact-checked, and reader-centric news related to Uttarakhand, governance, weather updates, and socio-political developments.