मॉनसून की उत्तराखंड में दस्तक के साथ ही मुसीबतों का दौर भी शुरू हो गया है। नैनीताल में बोल्डर गिरने से लोगों की जान बच गई तो दूसरी ओर भारी बारिश की वजह से भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है। मौसम विभाग की ओर से 3 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तराखंड में मॉनसून पहुंचने के साथ ही बारिश भी शुरू हो गई है। हरिद्वार और उधमसिंहनगर जिलों को छोड़कर मॉनसून पूरे प्रदेश में छा गया है। नैनीताल में गुरुवार को सुबह 5 घंटे लगातार बारिश होने से झील के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई वहीं तापमान में गिरावट दर्ज की गई।उधर, कृष्णापुर मार्ग पर बुधवार रात बोल्डर गिर गए। मार्ग पर भूस्खलन का खतरा मंडराने लगा है। इससे आसपास रहने वालों की चिंता बढ़ गई है। जबकि सुबह शहर में घना कोहरा भी छाए रहा, जिसके बाद दोपहर तक लगातार बारिश हुई। जिला आपदा केंद्र के अनुसार चौबीस घंटे में 95 मिमी बारिश हुई।
वहीं मुक्तेश्वर में 38 मिमी पानी बरसा। वहीं हल्द्वानी में 2.5 मिमी बारिश हुई। वहीं अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस रहा। झील नियंत्रण कक्ष के प्रभारी रमेश चंद्र ने बताया कि बारिश से झील के जलस्तर में 11 इंच की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।बीते बुधवार को नैनीझील का जलस्तर माइनस चार इंच पर था। बीते बुधवार सुबह से गुरुवार सुबह आठ बजे तक यहां करीब 38 मिलीमीटर बारिश हुई है। यहां न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।नैनीताल में सबसे अधिक बरसे बादल जिले में गुरुवार को नैनीताल में सर्वाधिक 95 मिमी बारिश हुई।
नैनीताल जिले में 26 जून सुबह साढ़े 8 बजे से 27 जून सुबह तक सामान्य से 366 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के आंकड़ों के अनुसार जिले में 26 जून को एक दिन में 10.2 मिमी बारिश सामान्य रूप से होती है। मगर बीते बुधवार को जिले में 47.5 मिमी बारिश हुई है।जिला आपदा कंट्रोल रूम से जारी आंकड़ों के अनुसार नैनीताल शहर के स्नो व्यू में सबसे अधिक बारिश हुई है। वहीं बेतालघाट क्षेत्र में सबसे कम बारिश हुई। काठगोदाम क्षेत्र में सुबह 8 बजे तक 7 मिमी बारिश हुई थी। वहीं सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक हल्द्वानी शहर में 2.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
कृष्णापुर पर भू-स्खलन का संकट मंडराया
बीते एक सप्ताह से हो रही बारिश के बाद कृष्णापुर में भूस्खलन की आशंका बढ़ने लगी है। बुधवार देर रात तल्लीताल जेल रोड से कृष्णापुर मार्ग पर बड़े बोल्डर गिरे हैं। बीते साल जिला कारागार के स्टाफ क्वार्टर के समीप बारिश के बाद भूस्खलन हुआ था।अब बोल्डर गिरने से लोगों का डर और बढ़ गया है। स्टाफ क्वार्टर के समीप से बोल्डर नीचे कृष्णापुर आवासीय क्षेत्र में गिरे। निवर्तमान सभासद कैलाश रौतेला प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाकर सुरक्षा की मांग की।
हल्द्वानी में आज हल्की बारिश के आसार
हल्द्वानी शहर में लगातार बारिश से तापमान में गिरावट होने लगी है। बीते 26 जून को सुबह बारिश के कारण पारे में करीब 7 डिग्री सेल्सियस गिरावट दर्ज की गई थी। वहीं आज हल्की बारिश के आसार जताए गए हैं।गुरुवार को हल्द्वानी का न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो बीते 26 जून से थोड़ा अधिक रहा। सुबह 9 से 10 बजे तक बारिश और दिनभर आसमान में बादल छाए रहने से दिन के तापमान में मामूली बढ़त हुई। गुरुवार को अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
प्री-मॉनसून में सबसे अधिक भीगा देहरादून, चम्पावत सबसे कम
मॉनसून से पहले ही प्रदेश में बारिश में तेजी आने लगी है। मगर प्री-मानसून में प्रदेश में सामान्य बारिश भी नहीं हो सकी है। हालांकि प्री-मानसून की बारिश में देहरादून जिला सबसे अधिक भीगा है। चम्पावत में बीते एक हफ्ते में सबसे कम बारिश हुई है।
बीते 24 घंटे में बागेश्वर जिले में बारिश में सबसे अधिक तेजी नजर आई है। 26 जून की सुबह साढ़े 8 बजे से 27 जून की सुबह साढ़े 8 बजे तक बागेश्वर में 1027 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार विशेषकर देहरादून, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर जिलों में बारिश ने राहत दी है। मगर 19 से 26 जून की सुबह 8.30 बजे तक एक हफ्ते में सिर्फ देहरादून में ही सामान्य से 32 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज हुई है।जबकि बागेश्वर, चमोली, रुद्रप्रयाग जैसे जिलों में भी प्री-मानसून में सामान्य बारिश नहीं हो सकी। मगर बीते 24 घंटे में बारिश में तेजी आई है। चमोली में 392, नैनीताल में 366 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। वहीं ऊधमसिंह नगर में भी बीते 24 घंटे में सामान्य से 187 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है।
नैनीताल जिले में बीते 24 घंटे में बारिश
नैनीताल 95
मुक्तेश्वर 38.1 श्रीकैंची धाम 25
कालाढूंगी 23
रामनगर 14
धारी 10
नंधौर, चोरगलिया 08
काठगोदाम 07
बेतालघाट 1.5
Amitendra Sharma is a digital news editor and media professional with a strong focus on credible journalism, public-interest reporting, and real-time news coverage. He actively works on delivering accurate, fact-checked, and reader-centric news related to Uttarakhand, governance, weather updates, and socio-political developments.