देहरादून, 22 सितंबर 2025
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नकल माफिया और कोचिंग माफिया के खिलाफ सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने साफ कहा कि परीक्षा प्रणाली को बदनाम करने की कोशिश करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी भरोसा दिलाया कि उत्तराखंड का आने वाला समय स्थिरता और विकास के नाम रहेगा।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को प्रेस से बातचीत में कहा कि 4 जुलाई 2021 को जब उन्होंने मुख्य सेवक के रूप में कार्यभार संभाला था, उस समय विभिन्न विभागों में करीब 22 हजार पद रिक्त पड़े थे। सरकार के प्रयासों से अब तक 25 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिल चुकी है और इन सभी भर्तियों में पारदर्शिता बनाए रखी गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की बाधा न आने पाए इसके लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया। इस कानून से परेशान होकर कुछ लोगों ने सरकार को बदनाम करने की कोशिश शुरू कर दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि रविवार को भी ऐसा ही एक प्रयास किया गया, लेकिन यह पेपर लीक जैसा मामला नहीं है।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कुछ नकल माफिया और कोचिंग माफिया सरकार के खिलाफ षड्यंत्र रच रहे हैं, जिसका पर्दाफाश जल्द किया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार पारदर्शी व्यवस्था के साथ परीक्षाएं कराती रही है और आगे भी नकल माफिया के इरादों को किसी भी हाल में सफल नहीं होने देगी।