त्योहारों पर शुद्धता की गारंटी: धामी सरकार का मिलावटखोरों पर बड़ा एक्शन

देहरादून।

त्योहारी सीजन आते ही मिठाइयों और डेयरी उत्पादों में मिलावट की खबरें आम हो जाती हैं, लेकिन इस बार उत्तराखंड सरकार ने स्पष्ट संदेश दे दिया है—“हर घर की थाली शुद्ध और हर परिवार की खुशियाँ सुरक्षित रहनी चाहिए।” मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग (FDA) ने मिलावटखोरों के खिलाफ अपना विशेष अभियान और तेज कर दिया है।

नवरात्रों में सफल, अब दशहरा–दीपावली पर दूसरा चरण

नवरात्रों में चले अभियान की सफलता के बाद अब FDA ने दशहरा और दीपावली को देखते हुए इस मुहिम का दूसरा चरण शुरू कर दिया है। इस दौरान राज्यभर में मिठाई प्रतिष्ठानों, डेयरी विक्रेताओं, नमकीन भंडारों और अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण व विक्रय स्थलों पर सघन निरीक्षण किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री धामी का सख्त संदेश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साफ कहा कि त्योहार खुशियों और मिलन का समय होते हैं और सरकार की प्राथमिकता यही है कि किसी भी कीमत पर उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से समझौता न हो। उन्होंने विभाग को निर्देशित किया है कि मिलावटखोरों के खिलाफ बिना किसी रियायत के कठोर कार्रवाई हो और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा न जाए।

गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में कड़ी निगरानी

FDA की गठित टीमें गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के सभी जिलों में लगातार अभियान चला रही हैं। यात्रा मार्गों पर विशेष जांच अभियान चल रहे हैं और मोबाइल वैनों के जरिए मौके पर ही सैंपलिंग हो रही है। मुख्यालय स्तर पर अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी व्यक्तिगत रूप से पूरे अभियान की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

उपभोक्ताओं की सुरक्षा सर्वोपरि

आयुक्त FDA डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि त्योहारी सीजन में उपभोक्ताओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दूध, मिठाई और डेयरी उत्पादों में किसी भी प्रकार की मिलावट को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उपभोक्ताओं तक शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री पहुंचाना ही इस अभियान का संकल्प है।

दोषियों पर कड़ी कार्रवाई

त्योहारों पर मिलावटखोरों की सक्रियता को देखते हुए विभाग ने पहले से ही विशेष रणनीति तैयार की है। हर जिले में गठित टीमें मिठाई, दूध, घी, खोया, तेल, मसाले और अन्य लोकप्रिय खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर लैब में जांच हेतु भेज रही हैं। जो दोषी पाए जा रहे हैं, उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

सरकार और FDA की इस संयुक्त पहल से साफ है कि इस बार त्योहारी सीजन में उपभोक्ताओं की थाली में केवल मिठास होगी, मिलावट का कोई जहर नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *