राज्यपाल गुरमीत सिंह (से नि) ने किया ‘‘भगीरथ उद्यान’’ का उद्घाटन, हर नागरिक के लिए प्रेरणा का स्तंभ

राजभवन, देहरादून,

22 सितंबर 2025: उत्तराखण्ड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) और मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को राजभवन परिसर में भव्य ‘‘भगीरथ उद्यान’’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर महान राजा भगीरथ की लगभग 10 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण भी किया गया।

राजभवन स्थित इस उद्यान में स्थापित प्रतिमा को हरिद्वार के प्रसिद्ध कलाकार श्री शिवम चौरसिया ने फाइबर और रेजिन से तैयार किया है। 8 फीट ऊँचे ग्रेनाइट चबूतरे पर स्थित इस प्रतिमा के आसपास विभिन्न प्रजातियों के पौधे भी लगाए गए हैं, जो उद्यान को हरियाली और आध्यात्मिक वातावरण से भरपूर बनाते हैं।

इस अवसर पर राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा, “यह प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि एक जीवंत प्रेरणा-स्तंभ है। यहाँ नक्षत्र, प्रकृति, मंदिर और पर्वत मिलकर उस दिव्य संकल्प का संदेश देते हैं कि जब ध्येय लोक कल्याण हो, तो देवत्व और प्रकृति दोनों मार्ग प्रशस्त कर देते हैं।” उन्होंने उद्यान को तैयार करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की भी सराहना की।

IMG 20250922 WA0230

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह प्रतिमा राजभवन आने वाले प्रत्येक नागरिक और अतिथियों को कर्तव्यनिष्ठा, लोक कल्याण और भारतीय संस्कृति का संदेश देती रहेगी। उन्होंने आगे कहा, “भगीरथ प्रयत्न ही महान लक्ष्यों की प्राप्ति का मार्ग है।”

उद्घाटन से पहले राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने राजभवन स्थित राजप्रज्ञेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर राजभवन प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि और उद्यान अधिकारियों सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। राज्यपाल की अगुवाई में यह उद्यान अब हर आगंतुक के लिए प्रेरणा और शांति का केंद्र बन चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *