उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को राजधानी देहरादून में ‘स्वच्छोत्सव-2025 कार्यक्रम’ का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। साथ ही, मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को भगवान विश्वकर्मा जयंती की भी मंगलकामनाएँ दीं।
मुख्यमंत्री धामी ने कार्यक्रम की शुरुआत झाड़ू लगाकर की और जनता से स्वच्छता आंदोलन से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक प्रदेशभर में सेवा और स्वच्छता से संबंधित नियमित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए, स्वच्छता की शपथ दिलाई और पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत का संकल्प
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वच्छता आंदोलन ने नए आयाम हासिल किए हैं। स्वच्छोत्सव-2025 भी उसी दिशा में एक संकल्प और जनआंदोलन है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ और स्वच्छ भविष्य का वचन है। उन्होंने कहा कि ‘‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’’ का सपना तभी साकार होगा जब प्रत्येक नागरिक इसे अपने जीवन का हिस्सा बनाएगा।

देहरादून की स्वच्छता रैंकिंग में सुधार
मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में घोषित राष्ट्रीय वायु कार्यक्रम के तहत स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में नगर निगम देहरादून ने देश में 19वाँ स्थान प्राप्त किया है। वहीं, स्वच्छता रैंकिंग में भी इस वर्ष नगर निगम देहरादून को 62वाँ स्थान मिला है, जो पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर है।
उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक छह लाख से अधिक परिवारों के लिए शौचालय का निर्माण किया जा चुका है। इसके अलावा, नगर निगम देहरादून ने सफाई से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु स्वच्छता कंट्रोल रूम की स्थापना की है। कूड़ा उठान, सीसीटीवी निगरानी और नियमित सफाई व्यवस्था से शहर को और बेहतर दिशा मिल रही है।
पर्यावरण संरक्षण पर बल

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि यह हमारी जीवनशैली और संस्कारों का हिस्सा है। उन्होंने ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि पौधारोपण जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाने और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने का सबसे सशक्त साधन है।
कार्यक्रम में प्रमुख हस्तियां
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री सतपाल महाराज, श्री गणेश जोशी, श्री सुबोध उनियाल, सांसद श्रीमती माला राज्यलक्ष्मी शाह, मेयर देहरादून श्री सौरभ थपलियाल, विधायक श्रीमती सविता कपूर, श्री सुरेश गड़िया, दायित्वधारी श्री हेमराज बिष्ट, सचिव श्री नीतेश झा, नगर आयुक्त श्रीमती नमामि बंसल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
Amitendra Sharma is a digital news editor and media professional with a strong focus on credible journalism, public-interest reporting, and real-time news coverage. He actively works on delivering accurate, fact-checked, and reader-centric news related to Uttarakhand, governance, weather updates, and socio-political developments.