पौड़ी, 21 सितंबर।
प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और आपदा की गंभीर परिस्थितियों के बीच मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को पौड़ी जनपद स्थित पावन धारी देवी मंदिर पहुंचे। इससे पहले उन्होंने चमोली और रुद्रप्रयाग जिलों के आपदाग्रस्त क्षेत्रों का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने मां धारी देवी के चरणों में नतमस्तक होकर प्रदेशवासियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और प्राकृतिक आपदाओं से राहत के लिए विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा, “मां धारी देवी प्रदेश की आराध्य हैं, और मैं इस संकट की घड़ी में उनके चरणों में संपूर्ण उत्तराखंड की मंगलकामना लेकर आया हूं।”

पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, तीर्थयात्रियों और मंदिर समिति के पदाधिकारियों से संवाद किया। उन्होंने लोगों से क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली और आश्वस्त किया कि राज्य सरकार हर जरूरतमंद तक राहत पहुँचाने के लिए सतत प्रयासरत है।
श्रद्धालुओं ने चारधाम यात्रा प्रबंधन और आपदा राहत कार्यों की सराहना की। इंदौर से आए श्रद्धालु श्री संतोष पाठक ने कहा कि “आपदा के समय जिस संवेदनशीलता और नेतृत्व क्षमता से मुख्यमंत्री कार्य कर रहे हैं, वह प्रेरणादायक है।” उन्होंने मुख्यमंत्री को “हिंदू हृदय सम्राट” बताते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की।
मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर और अलकनंदा तट का निरीक्षण करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि नदी के दोनों किनारों पर भू-कटाव रोकने के लिए ठोस सुरक्षा दीवारों का निर्माण कार्य तुरंत प्रारंभ किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा मानकों से कोई समझौता न करने और कार्यों में गुणवत्ता तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की इस कठिन घड़ी में राज्य सरकार हर प्रभावित व्यक्ति के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने बताया कि राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया, “हमारा संकल्प है कि हम हर पीड़ित तक पहुँचें, उसकी जरूरत समझें और उसे फिर से सामान्य जीवन की ओर ले जाएं।”
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक आशा नौटियाल (केदारनाथ), विधायक भरत सिंह चौधरी (रुद्रप्रयाग), जिलाधिकारी श्रीमती स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री लोकेश्वर सिंह, अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी सहित अन्य अधिकारी व गणमान्यजन उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की यह पहल प्रदेशवासियों के लिए सांत्वना और आश्वासन का स्रोत बन गई है, साथ ही आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को और गति देने का संदेश भी दिया।
Amitendra Sharma is a digital news editor and media professional with a strong focus on credible journalism, public-interest reporting, and real-time news coverage. He actively works on delivering accurate, fact-checked, and reader-centric news related to Uttarakhand, governance, weather updates, and socio-political developments.