स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’’ अभियान के तहत राजभवन में वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

राजभवन, देहरादून | 01 अक्टूबर 2025

उत्तराखंड राजभवन में बुधवार को ‘‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’’ अभियान के अंतर्गत अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों के लिए एक वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य परीक्षण के साथ ही निःशुल्क परामर्श और दवाइयाँ उपलब्ध कराई गईं।

267 लोगों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

इस स्वास्थ्य शिविर में राजकीय दून मेडिकल कॉलेज से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने कुल 267 व्यक्तियों का परीक्षण किया। जांच में नेत्र रोग, हृदय रोग, ईएनटी (कान, नाक, गला), त्वचा रोग, मानसिक रोग, सामान्य चिकित्सा, ऑर्थोपेडिक, प्रसूति एवं स्त्री रोग सहित विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ शामिल रहे।

शिविर में ईसीजी, एक्स-रे और अन्य आवश्यक मेडिकल टेस्ट भी किए गए। साथ ही जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क दवाइयाँ प्रदान की गईं। इस दौरान 10 लोगों ने रक्तदान कर समाज सेवा में अपना योगदान भी दिया।

IMG 20251001 WA0297

राज्यपाल ने की सराहना

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने शिविर का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य परीक्षण की प्रक्रिया के बारे में चिकित्सकों से जानकारी ली। उन्होंने लाभार्थियों से संवाद कर उनके अनुभव सुने और शिविर में उपलब्ध सुविधाओं की सराहना की।

राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री जी द्वारा शुरू किया गया ‘‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’’ अभियान महिलाओं के स्वास्थ्य संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि माताएँ, बहनें और बेटियाँ घर-परिवार की जिम्मेदारियों में व्यस्त रहती हैं और कई बार अपने स्वास्थ्य को नज़रअंदाज़ कर देती हैं। ऐसे में यह अभियान उनके लिए बेहद उपयोगी सिद्ध हो रहा है।

राज्यपाल ने कहा – “स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता ही अच्छे जीवन की आधारशिला है। राजभवन परिवार का उत्तम स्वास्थ्य हमारी प्राथमिकता है। जब हमारे कार्मिक और उनके परिजन स्वस्थ रहेंगे, तभी वे पूरी क्षमता से अपने दायित्वों का निर्वहन कर पाएंगे।”

कार्यक्रम में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

स्वास्थ्य शिविर के अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर. राजेश कुमार, महानिदेशक स्वास्थ्य डॉ. सुनीता टम्टा, दून मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. गीता जैन, चिकित्साधिकारी राजभवन डॉ. महावीर सिंह, डॉ. ए.के. सिंह, डॉ. प्रांजल थापा सहित अन्य चिकित्सक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

राज्यपाल ने सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि उनके समर्पण से राजभवन परिवार को अत्यंत लाभ प्राप्त हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *