मुख्यमंत्री धामी ने अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर बुजुर्गों को किया सम्मानित, नए कल्याण कदमों का किया ऐलान

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र, नींबूवाला में आयोजित अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भाग लेकर प्रदेश के सभी वरिष्ठ नागरिकों को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर उन्होंने वृद्धजनों का सम्मान किया और वरिष्ठ नागरिक सम्मान संकल्प दिलाया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने एक पेड़ मां के नाम पर पौधा रोपित कर पर्यावरण के संदेश के साथ बुजुर्गों के सम्मान का प्रतीक प्रस्तुत किया। इसके अलावा उन्होंने वृद्धजनों की सेवा के लिए निशुल्क एंबुलेंस वैन और वरिष्ठ नागरिकों की वाकथन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

IMG 20251001 WA0190 scaled

मुख्यमंत्री ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज के अमूल्य स्तंभ हैं, जिनका अनुभव और आशीर्वाद सभी के लिए मार्गदर्शक होता है। उन्होंने राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि बुजुर्गों के सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अटल वयोअभ्युदय योजना, प्रधानमंत्री वय वंदना योजना, राष्ट्रीय वयोश्री योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना जैसी योजनाओं का जिक्र किया और बताया कि लगभग 6 लाख बुजुर्गों को पेंशन राशि सीधे बैंक खातों में डीबीटी के जरिए उपलब्ध कराई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वृद्धाश्रमों की व्यवस्था लगातार सुदृढ़ की जा रही है। बागेश्वर, चमोली और उत्तरकाशी में राज्य संचालित वृद्धाश्रम सक्रिय हैं, जबकि देहरादून, अल्मोड़ा और चंपावत में नए भवन निर्माणाधीन हैं। उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में केंद्र सहयोग से मॉडल वृद्धाश्रम का निर्माण किया जा रहा है। रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी और पिथौरागढ़ में भी वृद्धाश्रमों की स्थापना की प्रक्रिया जारी है।

वृद्धजनों की देखभाल के लिए जेरियाट्रिक केयर गिवर प्रशिक्षण कार्यक्रम भी चलाया जा रहा है, जिसमें इस वर्ष 150 मास्टर ट्रेनर और केयर गिवर तैयार किए जाने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत बुजुर्गों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं और इस वर्ष 1,300 वरिष्ठ नागरिकों की मोतियाबिंद निशुल्क सर्जरी का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा बुजुर्गों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण पोषण अधिनियम लागू है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी, वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद अध्यक्ष श्री रामचंद्र गौड़, उपाध्यक्ष श्रीमती शांति मेहरा, श्री हरक सिंह नेगी, एससी आयोग अध्यक्ष श्री मुकेश कुमार, सचिव समाज कल्याण डॉ. श्रीधर बाबू अद्दांकी और निदेशक समाज कल्याण श्री चंद्रसिंह धर्मशक्तू उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *