सीएम धामी ने किया सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ, बोले—उत्तराखंड बनेगा खेल प्रतिभाओं का हब

खेल संस्कृति को नई दिशा देने की पहल

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, तपोवन में ‘सांसद खेल महोत्सव’ का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से देशभर में आयोजित यह महोत्सव खेल प्रतिभाओं को गाँव से राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने का एक बड़ा अभियान है।
सीएम ने बताया कि उत्तराखंड में यह आयोजन तीन चरणों में किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य ‘फिट इंडिया – स्पोर्ट्स इंडिया – स्ट्रॉन्ग इंडिया’ के संदेश को हर गाँव तक पहुँचाना और पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देना है।


प्रदेश में 23 खेल अकादमियों की स्थापना होगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अब खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। 38वें राष्ट्रीय खेलों में राज्य के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर इतिहास रचा। उन्होंने घोषणा की कि ‘स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान’ के अंतर्गत प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी, जहां हर साल 920 विश्वस्तरीय एथलीट और 1000 अन्य खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।

“ए व्यू फ्रॉम विदिन” का लोकार्पण — ईमानदार लोकसेवा की दास्तान, आईएएस राजेन्द्र भाणावत के अनुभवों से सजा दस्तावेज़

उन्होंने यह भी बताया कि हल्द्वानी में राज्य का पहला खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना तेजी से की जा रही है।


खिलाड़ियों को मिल रहे हैं सम्मान और अवसर

सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार नई खेल नीति के माध्यम से खेलों के समग्र विकास पर फोकस कर रही है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों को ‘आउट ऑफ टर्न’ सरकारी नौकरी दी जा रही है।
राज्य में मुख्यमंत्री खेल विकास निधि, मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना और खेल किट योजना जैसी योजनाओं से युवा खिलाड़ियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार और हिमालय खेल रत्न पुरस्कार के माध्यम से खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सम्मानित किया जा रहा है।
साथ ही, सरकारी सेवाओं में 4 प्रतिशत खेल कोटा को फिर से लागू किया गया है।


सांसद निधि से बनेगा खेल मैदान और मेस फर्नीचर

राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने इस अवसर पर कहा कि भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेज़ी से अग्रसर है। उन्होंने कहा कि खेलों के क्षेत्र में भारत वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बना रहा है और सांसद खेल प्रतियोगिता, फिट इंडिया जैसे अभियान इस दिशा में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने घोषणा की कि राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, तपोवन में वॉलीबॉल और बैडमिंटन कोर्ट के लिए वे अपनी सांसद निधि से धनराशि उपलब्ध कराएंगे। साथ ही विद्यालय मेस के लिए फर्नीचर की व्यवस्था हेतु भी सहयोग देंगे।


कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी

इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, खजानदास, देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल, सीडीओ अभिनव शाह और कई अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों में उत्साह देखने लायक था और मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों को फिटनेस और खेल भावना बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।