जयपुर, 23 सितंबर। जिले में महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक नई पहल शुरू हो रही है। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप सक्षम जयपुर अभियान एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जिले के प्रत्येक उपखंड में ‘नारी चौपाल’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी श्रृंखला का पहला नारी चौपाल 24 सितम्बर को जालसू पंचायत समिति में आयोजित होगा।
जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है और अधिक से अधिक महिलाओं और बालिकाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
उद्देश्य और महत्व
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी श्री मृणाल ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सशक्त और जागरूक बनाना है। नारी चौपाल में महिलाओं को सरकारी योजनाओं, उनके अधिकारों और कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही उनके सुझाव और समस्याएं भी सीधे सुनी जाएंगी।
महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक डॉ. राजेश डोगीवाल ने बताया कि यह कार्यक्रम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, जालसू के परिसर में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इसमें नुक्कड़ नाटक, मारवाड़ी गीत, आत्मरक्षा प्रशिक्षण जैसी गतिविधियां शामिल होंगी। इसके अलावा, प्रतियोगिताओं की विजेताओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित भी किया जाएगा।
महिला सशक्तिकरण और समाज में बदलाव
नारी चौपाल के माध्यम से केवल महिलाओं को जानकारी देना ही लक्ष्य नहीं है, बल्कि समाज में लिंगानुपात सुधार, महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों पर खुला संवाद करना भी इसका उद्देश्य है। इस कार्यक्रम के तहत केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं, नियमों और अधिनियमों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि समाज में समता और समान अवसर सुनिश्चित किए जा सकें।
सहभागिता और विभागीय सहयोग
इस कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास, चिकित्सा, शिक्षा, पुलिस, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। ये अधिकारी महिलाओं के साथ सीधा संवाद कर उन्हें स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा, पोषण, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक करेंगे।
इसके अतिरिक्त, चौपाल स्थल पर सहायता काउंटर भी लगाए जाएंगे, ताकि महिलाएं मौके पर ही योजनाओं का लाभ लेने और आवश्यक जानकारी प्राप्त करने में सक्षम हों। साथ ही, महिलाओं को प्रेरित करने के लिए सफलता की कहानियाँ और अनुभव भी साझा किए जाएंगे।
एक सशक्त मंच
नारी चौपाल महिलाओं के लिए केवल संवाद का मंच नहीं है, बल्कि यह उन्हें आत्मविश्वास, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देने का अवसर भी प्रदान करेगा। इस पहल से महिलाओं तक सरकार की योजनाएं प्रभावी ढंग से पहुँचेंगी और समाज में उनकी भागीदारी और मजबूत होगी।
24 सितम्बर से शुरू हो रही इस नारी चौपाल श्रृंखला से जिले की हजारों महिलाएं और बालिकाएं सीधे लाभान्वित होंगी। यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होने जा रहा है।