उत्तराखंड

सीएम पुष्कर सिंह धामी उतरे टिहरी सीट प्रत्याशी के प्रचार में, कहा- जनता का वोट बदलेगा भारत की तस्वीर व तकदीर

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के संकल्प को पूरा करने में देवभूमि के प्रत्येक नागरिक का सहयोग अपेक्षित है। पीएम मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है और प्रदेश के विकास के लिए उन्होंने भरपूर सहयोग प्रदान किया है। अब तीसरी बार उन्हें प्रधानमंत्री बनाने की जिम्मेदारी जनता की है।उत्तराखंड से भाजपा प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाएं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी माला राज्य लक्ष्मी शाह के समर्थन में आयोजित जनसभा में यह अपील की। मुख्यमंत्री ने देहरादून के कैंट क्षेत्र में जीएमएस रोड और टिहरी के धनोल्टी स्थित थत्यूड़ में भी आमजन को संबोधित किया।

भाजपा की ओर से जनसभा का आयोजन

शुक्रवार को जीएमएस रोड स्थित चौधरी फार्म हाउस में भाजपा की ओर से जनसभा का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्यमंत्री धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने सभा में उपस्थित महिलाओं, बुजुर्गों व युवाओं को मतदान के लिए प्रेरित करते हुए समर्थन मांगा। कहा कि देहरादून को उत्तराखंड राज्य की राजधानी होने के साथ देवभूमि का गौरव भी प्राप्त है।

पूर्व विधायक स्वर्गीय हरबंस कपूर को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कैंट विधानसभा से कई वर्षों से भाजपा को अपना स्नेह और आशीर्वाद मिला है और निश्चित ही आगे भी मिलता रहेगा। भाजपा प्रत्याशी माला राज्य लक्ष्मी शाह को अपना मत एवं समर्थन देकर सीधा समर्थन प्रधानमंत्री मोदी को पुनः प्रधानमंत्री बनाने में दें। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड में दो लाख करोड़ से भी अधिक की विकास योजनाएं स्वीकृत हुई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड की भूमि से हम सभी को एक जिम्मेदारी दी है। विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करने के लिए पांचों सीटों से भाजपा प्रत्याशियों को जिताएं। उन्होंने कहा कि जनता का हर एक वोट बहुमूल्य है। जनता का एक वोट भारत और उत्तराखंड की तस्वीर और तकदीर बदलने का काम करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के साथ ही राज्य के हित में कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं, जो उत्तराखंड को एक बेहतर और श्रेष्ठ राज्य बनाने का मार्ग प्रशस्त करेंगे। कैंट विधायक सविता कपूर ने क्षेत्र की जनता से पूर्ण समर्थन की अपील करते हुए मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि कैंट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी को 51 हजार मतों से बढ़त दिलाई जाएगी। कार्यक्रम में टिहरी लोकसभा प्रभारी विनय रोहिला, मधु भट्ट, नेहा जोशी, विनय गोयल, जोगेंद्र पुंडीर आदि उपस्थित रहे।

कांग्रेस को बताया भ्रष्टाचार की बेल

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनसभा के दौरान कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले कांग्रेस सरकार में हर दिन घोटाले सामने आया करते थे। कांग्रेसी झूठ और भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। कांग्रेस भ्रष्टाचार की बेल है और केंद्र सरकार इस बेल की जड़ें उखाड़ने में जुटी है। भाजपा की जीरो टालरेंस की सरकार के कार्यों से आज विश्वभर में भारत का बढ़ता सम्मान भी राजनीति से प्रेरित कांग्रेसियों को अच्छा नहीं लग रहा।

सालावाला में पूर्व सैनिकों ने थामा भाजपा का दामन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी की उपस्थिति में बड़ी संख्या में पूर्व सैन्य अधिकारियों व सैनिकों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। जिनमें लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष सेवानिवृत्त मेजर जनरल एएस रावत सहित पांच मेजर जनरल, छह कर्नल, तीन लेफ्टिनेंट कर्नल व एक सेवानिवृत्त नौसेना कमांडर शामिल रहे।

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सालावाला में सदस्यता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में भाजपा की रीति-नीति से प्रभावित होकर क्षेत्र के पूर्व सैन्य अधिकारियों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई गई। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मुख्यमंत्री को भरोसा दिलाया कि टिहरी सीट से भाजपा प्रत्याशी माला राज्य लक्ष्मी शाह को मसूरी विधानसभा क्षेत्र से दोगुने अंतर से बढ़त दिलाएंगे।

मुख्यमंत्री धामी ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में मतदान की अपील की। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व मंत्री गणेश जोशी ने हाथीबड़कला निवासी राधिका जोशी को मिस उत्तराखंड का खिताब जीतने पर सम्मानित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button