उत्तराखंड

केदारनाथ में श्रद्धालुओं की संख्या एक लाख पार, गंगोत्री-यमुनोत्री में भी भारी भीड़

केदारनाथ धाम में यात्रियों की संख्या चार दिन में एक लाख के पार पहुंच गई है। इस बार यात्रियों की संख्या पुराने रिकॉर्ड तोड़ रही है। चार दिन के भीतर केदारपुरी में 102499 श्रद्धालुओं ने पहुंचकर नया रिकॉर्ड बनाया है।हालांकि बढ़ती भीड़ के साथ ही प्रशासन की चुनौतियां भी बढ़ गई हैं। दूसरी ओर बदरीनाथ में मंगलवार को 10124 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियां होते ही केदारनाथ में यात्रियों की संख्या में और बढ़ोतरी का अनुमान है।

10 मई को बाबा केदार के कपाट देश-विदेश के श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले गए थे। इसी दिन केदारनाथ में 29030 तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए। 11 मई को 22599 यात्री केदारनाथ दर्शन को पहुंचे। 12 मई को 23510 तीर्थयात्रियों ने बाबा केदार के दर्शन किए।13 मई को सबसे 27360 तीर्थयात्री दर्शन को पहुंचे। चार दिनों में केदारनाथ मंदिर में 102499 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। सरकारी प्रवक्ता का दावा है कि केदारनाथ में श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम और मंगलमय करने के लिए करीब एक हजार अधिकारी- कर्मचारी, सुरक्षा बल से लेकर अन्य लोग अपना योगदान दे रहे हैं।

खासकर सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान रखा जा रहा है। नगर पंचायत केदारनाथ और सुलभ इंटरनेशनल हर दिन यात्रा मार्ग पर सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रख रहा है। बीते सोमवार को विशेष स्वच्छता अभियान के दौरान करीब 80 किलो कूड़ा पर्यावरण मित्रों ने एकत्रित कर निस्तारित किया।पर्यावरण मित्रों ने श्रद्धालुओं से यह अपील भी की है कि केदारनाथ यात्रा को प्लास्टिक फ्री बनाने में अपना सहयोग करें। कूड़ा उचित तरीके से निस्तारित करें। कूड़ेदान का इस्तेमाल जरूर करें और केदारनाथ धाम की स्वच्छता एवं पवित्रता बनाए रखने में अपना योगदान दें।

गंगोत्री-यमुनोत्री में यात्रियों की संख्या का रिकॉर्ड टूटा
उत्तरकाशी। यमुनोत्री और गंगोत्री धाम में इस बार तीर्थयात्रियों की संख्या ने पिछले रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। भीड़ बढ़ने पर धामों में मंदिर समिति ने सोमवार देर रात तक दर्शन कराए। गंगा सप्तमी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगोत्री पहुंचे।

करीब छह किमी पैदल दूरी तय कर यमुनोत्री पहुंचकर यात्री दर्शन कर रहे हैं। यमुनोत्री में 2023 में 28 मई को सर्वाधिक 12045 तीर्थयात्री पहुंचे थे, जो पिछले कई सालों के रिकॉर्ड था। इस बार सोमवार को यमुनोत्री में 12148 तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए।यमुनोत्री में दर्शन को तीर्थयात्रियों की भीड़ जुटने का सिलसिला जारी है। यहां प्रशासन ने बैरियर और गेट सिस्टम लागू किया है। अब यमुनोत्री में दर्शन सुचारू रूप से हो रहे हैं। लेकिन यमुनोत्री की भीड़ गंगोत्री धाम में पहुंचने से दबाव बढ़ गया है।यहां दो दिनों से रिकॉर्ड यात्रियों ने दर्शन किए हैं। पिछले साल यमुनोत्री के बाद गंगोत्री में 29 मई को रिकॉर्ड 13670 तीर्थयात्री एक दिन में पहुंचे थे। सोमवार को यह आंकड़ा 18973 रहा। यह एक नया रिकॉर्ड है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button